अरविंदर सिंह,हमीरपुर: आपदा राहत के मुद्दे पर भाजपा नेताओं की ओर से की जा रही बयानबाजी पर कांग्रेस पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष व बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कड़ा संज्ञान लिया हैं। हमीरपुर पहुंचे इंद्र दत्त लखन पाल ने कहा कि आपदा राहत पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर व भाजपा नेताओं का रवैया नकारात्मक रहा है और पार्टी आम जनता को राहत पहुंचाने का काम करने की जगह केवल गुमराह करने का काम कर रही हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष व बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करके गए हैं और प्रदेश सरकार की ओर से केंद्र को लगभग 8 हज़ार करोड के नुकसान की रिपोर्ट भेजी हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को जल्द ही राहत राशि प्रदेश सरकार को आवंटित कर देनी चाहिए ताकि लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश की मदद करनी चाहिए लेकिन ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आपदा आने के बाद से ही नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित सभी भाजपा नेता मात्र बयानबाजी कर लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
वहीं भाजपा नेताओं की ओर से राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए मैनुअल देखने की बात कहने पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखन पाल ने कहा कि यूपीए सरकार के समय तैयार मैनुअल को केंद्र सरकार कभी भी बदल सकती हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 9 सालों में प्रदेश में भाजपा की सरकार है और अगर मैनुअल में कोई फेरबदल करना है तो सरकार को करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि केवल प्रदेश सरकार पर छींटाकशी करने के लिए भाजपा नेता मैनुअल का सहारा ले रहे हैं।
