मंडी। हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंडी दौरे के दौरान एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा हमला बोला है। 11 दिसंबर को आयोजित होने वाली जन संकल्प रैली की तैयारियों की समीक्षा के लिए पड्डल मैदान पहुंचे नेगी से जब मीडिया ने दोनों नेताओं के बीच बढ़ती राजनीतिक तकरार पर सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा कि “मैं तो सिर्फ जयराम को आईना दिखाता हूं, लेकिन वह उसमें क्या देखते हैं कि तुरंत तिलमिला जाते हैं।”
नेगी ने कहा कि रैली को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा उठाए जा रहे सवालों से सरकार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मौजूदा सरकार जनता के हितों को प्राथमिकता देती है और विपक्ष के दबाव या टिप्पणियों पर काम नहीं करती। “सरकार हमारी है, जनता हमारी है, हमें उनके हित में काम करना है—भाजपा की हिदायतों पर नहीं,” उन्होंने जोड़ा।
इससे पहले कैबिनेट मंत्री ने धर्मपुर विधायक चंद्रशेखर और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पड्डल मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने रैली स्थल की व्यवस्थाओं—पंडाल, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पानी, बैठने की सुविधा और भोजन व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया।
नेगी ने कहा कि 11 दिसंबर को होने वाली जन संकल्प रैली को प्रदेशभर के लोगों की मौजूदगी के साथ भव्य आयोजन के रूप में तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रैली में बड़ी संख्या में जनता के शामिल होने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे बड़ी संख्या में रैली में पहुंचकर सरकार के विकास संकल्प को और मजबूत करें।
