बिलासपुर :सुभाष ठाकुर (TSN)- खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग ने जिला में उचित मूल्य की दुकानों पर निरीक्षण के दौरान कोताही बरतने पर कार्रवाई की है। इस दौरान जिला में करीब 22 उचित मूल्य की दुकानें समय पर बंद पाई गई। साथ ही 19 उचित मूल्य की दुकानों में स्टॉक ज्यादा और कम पाया गया। जिसे लेकर विभाग ने उक्त उचित मूल्य की दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कारण बताओ नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर कोई सकारात्मक जवाब उनके माध्यम से विभाग को नहीं मिलता है, तो इन दुकानों पर विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा।खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग के जिला नियंत्रक ब्रिजेंद्र पठानिया ने बताया कि पूरे जिला में विभाग के तीन इंस्पेक्टर तैनात हैं। जिसके माध्यम से उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण किया जाता है। बकायदा इन सभी इंस्पेक्टर्स के टारगेट निर्धारित किए गए हैं। जिसके अनुरूप इनके द्वारा पिछले माह 41 दुकानों में निरीक्षण के दौरान खामियां पाई गई। जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
