शिमला (शिमला): राष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर हिमाचल प्रदेश के जिन तीन शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है उन शिक्षकों ने नई शिक्षा नीति को शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए महत्वपूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा है कि इस शिक्षा नीति से पढ़ाई की गुणवत्ता का स्तर काफी ज्यादा बेहतर होगा। शुक्रवार को शिमला में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अमित कुमार ओर वीरेंद्र कुमार ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर इस पुरस्कार के लिए सरकार का आभार जताया साथ ही कहा कि प्रदेश के तीन शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना बड़े गौरव की बात है।
राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित धरोगड़ा स्कूल के शिक्षक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि आज के समय मे बच्चों की हैंडराइटिंग बहुत खराब है जिसे सुधारने के लिए वह काम कर रहे है। अभी तक वह 90 हजार बच्चों की लिखाई भी सुधार चुके हैं और इसके लिए मास्टर ट्रेनर भी तैयार किए गए है। इसके अलावा उन्होंने 3 किताबें भी लिखी है और सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से 20 हजार शिक्षकों को भी ट्रेनिंग दे चुके हैं जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित ठियोग नवोदय विद्यालय के शिक्षक अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने स्कूल में ब्लेंडिंग लर्निंग, पलटी कक्षा जिसमें बच्चे खुद क्लास में पढ़ाते हैं और कंटेंट तैयार करते है ऐसी पहल शुरू की है जिससे बच्चों की पढ़ाई में सकारात्मक परिणाम सामने आए है। बता दें कि इस बार प्रदेश से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए तीन शिक्षकों का चयन हुआ था, जिसमें दो शिमला जिला और एक चंबा जिला का शामिल हैं।
