अरविंदर सिंह,हमीरपुर: जिला मुख्यालय के आस-पास के हरे-भरे जंगल के बीच से गुजरने वाले मुख्य सडक़ मार्गों की दोनों ओर ठंडी-ठंडी स्वच्छ हवा और हरियाली बिखेरने वाले चीड़ के पेड़ों के साथ-साथ अब रंग-बिरंगे फूलों से लकदक पेड़-पौधे भी नजर आएंगे। हमीरपुर मुख्यालय के साथ लगते पक्का भरो से हीरानगर, चिल्ड्रन पार्क और अणु से पीडब्ल्यूडी कालोनी तक सडक़ की दोनों ओर ये रंग-बिरंगे फूल न केवल आंगुतकों के स्वागत में लहलहाते नजर आएंगे, बल्कि यहां रोजाना सुबह-शाम सैर के लिए निकलने वाले स्थानीय निवासियों को भी एक नया अहसास करवाएंगे। ज़िला प्रशासन व वन विभाग के सहयोग से एक विशेष पहल की जा रही हैं।5
हमीरपुर ज़िला मुख्यालय के साथ लगते लगभग 3 किलोमीटर के स्ट्रैच को और सुंदर बनाने के लिए सड़क की दोनों ओर रंग-बिरंगे फूलों वाले विभिन्न प्रजातियों के पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए वन विभाग के सहयोग से एक व्यापक योजना तैयार की गई हैं। इस योजना के क्रियान्वित होने से पक्का भरो से हीरानगर, चिल्ड्रन पार्क और अणु से पीडब्ल्यूडी कालोनी तक मुख्य सडक़ के आस-पास का क्षेत्र का एक नए लुक में नजर आएगा।
डीएफओ राकेश कुमार ने बताया कि हमीरपुर शहर के ठीक ऊपर हीरानगर, पक्का भरो और अणु से पीडब्ल्यूडी कालोनी की ओर आने वाली मुख्य सडक़ की दोनों ओर खूबसूरत फूलों वाले टिकोमा और अन्य प्रजातियों के पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। चीड़ के हरे-भरे जंगल के बीच ये रंग-बिरंगे सुंदर फूल हमीरपुर की सुंदरता को चार चांद लगाएंगे।
बता दें कि हीरानगर और इसके आस-पास के क्षेत्र मेें फैला चीड़ का जंगल जहां हमीरपुर शहर को सुंदरता प्रदान करता है, वहीं घनी आबादी वाले क्षेत्र से सटा यह ग्रीन पैच स्थानीय निवासियों को ठंडी एवं स्वच्छ आबोहवा भी देता हैं।
