राहुल चावला, धर्मशाला: स्थानीय लोगों को अपने साथ जोड़ कर पौंग डैम में विदेशी पक्षियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने की पहल विश्व प्रसिद्ध वेटलैंड साइट पौंग डैम में पहली मर्तबा वन्य प्राणी विभाग की ओर से की गई हैं। इस पहल से जहां प्रवासी परिंदों की सुरक्षा होगी तो वहीं पौंग डैम की जमीन पर होने वाली अवैध गेहूं की खेती पर भी लगाम लगेगी।
सीसीएफ वन्य प्राणी विभाग धर्मशाला उपासना पटियाल ने बताया कि विभाग की ओर से पहली बार स्थानीय लोगों को समूहों में जोड़ कर उन्हें होमस्टे, टूरिस्ट गाइड, टूरिस्ट हैंडलर, और महिलाओं को अचार,चटनी, सिरा बनाने सहित अन्य स्थानीय उत्पादों को तैयार करने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को विभाग की ओर से और आगे बढ़ाया जाएगा,ताकि महिलाओं को आगे आने का अवसर मिले और उनका स्वरोजगार भी सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों के बाजार में अच्छे दाम प्राप्त होते हैं। इससे स्थानीय लोगों को आय अर्जित करने के अच्छे अवसर मिलेंगे। उपासना पटेल ने कहा कि पौंग डैम में विभिन्न एनजीओ के माध्यम से भी कार्य किया जा रहा हैं, ताकि पर्यावरण भी सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि पौंग डैम में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिससे स्थानीय लोगों को जोड़ा जाएगा साथ ही स्थानीय उत्पादों को भी आगे ले जाने के प्रयास किए जाएंगे।
