मंजूर पठान, चंबा: प्रदेश के कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही ओपीएस बहाली की मांग को प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने पूरा कर दिया हैं। सरकार की ओर से कर्मचारियों के इस मांग को पूरा करने के बाद कर्मचारी अलग अलग तरीके से सरकार का आभार जता रहे हैं। इसी कड़ी में कर्मचारियों के वेतन से एनपीएस कटौती को बंद करने पर नई पेंशन योजना कर्मचारी महासंघ चंबा ने भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया हैं।
महासंघ की ओर से मुख्यमंत्री सहित कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बड़े- बड़े होर्डिंग्स लगाकर उनका धन्यवाद किया। इसके साथ ही महासंघ अब आभार रैली की तैयारियों में भी जुट गया हैं। महासंघ जिला चंबा के अध्यक्ष सुनील जरयाल ने बताया कि जल्द ही राज्य स्तरीय आभार समारोह का आयोजन किया जाएगा। एनपीएस कर्मचारी महासंघ ने जो लड़ाई शुरु की थी उसे मौजूदा प्रदेश सरकार ने अंजाम तक पहुंचा दिया हैं।
प्रदेश सरकार ने अपने वायदे के अनुसार कर्मचारियों को एनपीएस कटौती बंद करके इस माह का 10 प्रतिशत उनके वेतन के साथ उन्हें लौटाया हैं,जिससे कर्मचारी वर्ग में खुशी का माहौल हैं। एनपीएसए चंबा के महासचिव विजय शर्मा और जिला कोषाध्यक्ष ब्यास देव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को कंपनियों की लूट से बचाया हैं, साथ ही उनका भविष्य भी सुरक्षित किया हैं। इसके अतिरिक्त राज्य उपाध्यक्ष उत्तम चंद,राज्य महिला विंग उपाध्यक्ष सुषमा चौहान, राज्य प्रचार सचिव अमित जरयाल, राज्य प्रवक्ता ओम आजाद, जिला चंबा की महिला विंग की अध्यक्ष रचना महाजन, जिला महासचिव श्रेष्ठा शर्मा व जिला कोषाध्यक्ष कृष्णा ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना बहाली के लिए प्रदेश के सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर लंबा संघर्ष किया हैं, जिसके परिणामस्वरूप कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का तोहफा मिला हैं। बहरहाल, जिला चंबा के हर एक विधानसभा क्षेत्र में नई पेंशन योजना कर्मचारी महासंघ के नेताओं के होर्डिंग्स लगाकर उनका आभार प्रकट किया जा रहा हैं।
