बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – केंद्र सरकार ने यदि वन रैंक वन पैंशन की विसंगति दूर नहीं की तो आगामी लोकसभा चुनावों में पूर्व सैनिक वोट के माध्यम से चोट करेगा। पूर्व सैनिक लंबे समय से केंद्र सरकार से वन रैंक वन पैंशन विसंगति दूर करने का आग्रह कर रहे हैं। लेकिन अभी तक इस ओर उचित कदम नहीं उठाए गए हैं।
रविवार को पूर्व सैनिकों ने शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धाजंलि दी। वहीं, प्रदर्शन किया। साथ ही पूर्व सैनिकों ने राज्यसभा सांसद जेपी नड्डा, सांसद अनुराग ठाकुर को पत्र भेजा है। पूर्व सैनिकों ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि इन विसंगतियों को दूर किया जाए। ताकि लाखों पूर्व सैनिकों को इसका लाभ मिल सके। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने कहा कि वन रैंक वन पैंशन विसंगति को दूर करने को लेकर केंद्र सरकार ने अभी तक कोई कदम नहीं उठाए हैं। जबकि इस मसले को लेकर केंद्र सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। इस दौरान हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक कल्याण समिति अध्यक्ष कैप्टन बालक राम ने कहा है कि वन रैंक वन पैंशन विसंगति होने के चलते पूर्व सैनिकों में रोष है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वन रैंक वन पैंशन विसंगति दूर करने को लेकर केंद्र सरकार को अवगत करवाया गया है। लेकिन अभी तक इस मसले को लेकर केंद्र सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई है। जिसके चलते केंद्र के खिलाफ पूर्व सैनिकों का रोष बढ़ता जा रहा है।
