Hamirpur, Arvind-:भारतीय जनता पार्टी द्वारा युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए इसे संगठन के लिए सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताया है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी ने सदैव युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने और उन्हें जिम्मेदारी सौंपने की नीति अपनाई है। नितिन नबीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाना उसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन ने संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर अपने कार्य, अनुशासन और जनसेवा के माध्यम से एक मजबूत पहचान बनाई है। बिहार की राजनीति में उनका योगदान, संगठनात्मक अनुभव और विकास के प्रति प्रतिबद्ध दृष्टिकोण उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए उपयुक्त बनाता है।पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने भी नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन भाजपा की युवा नेतृत्व पर मजबूत आस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में नितिन नबीन का कार्य सराहनीय रहा है और वे बड़ी जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाने की क्षमता रखते हैं। प्रो. धूमल ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन और अधिक सशक्त होगा।
वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि नितिन नबीन का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना संगठन के लिए नई ऊर्जा और नई दिशा लेकर आएगा। उनकी कार्यशैली संवाद आधारित, परिणामोन्मुख और समावेशी रही है, जिससे पार्टी को भविष्य में लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा युवाओं, महिलाओं और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
