Kangra, Sanjeev-:जिला कांगड़ा के विकासखंड नूरपुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सुखार में स्थित प्रसिद्ध मोक्षधाम की स्वच्छता और सौंदर्य को बनाए रखने के लिए गांव के युवाओं ने सराहनीय पहल की है। पंचायत प्रधान सोनिका देवी के आह्वान पर गांव के लगभग 50 युवाओं ने एकजुट होकर श्मशानघाट परिसर की सफाई का जिम्मा अपने कंधों पर लिया और श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया।
करीब 10 कनाल भूमि में फैला यह मोक्षधाम अपनी भव्यता, हरियाली और सुव्यवस्थित संरचना के कारण पूरे कांगड़ा जिले में विशेष पहचान रखता है। मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही यह स्थल किसी सुंदर उद्यान का आभास कराता है। हालांकि, इतने बड़े परिसर का नियमित रख-रखाव पंचायत के लिए एक चुनौती बना रहता है।युवाओं ने श्रमदान के दौरान श्मशानघाट परिसर में उगी अनावश्यक घास को हटाया, इधर-उधर फैले कचरे को एकत्रित किया तथा बिखरी लकड़ी और राख को निर्धारित स्थान पर सुव्यवस्थित किया। पूरे उत्साह और सामूहिक भावना के साथ किए गए इस कार्य से मोक्षधाम का स्वरूप और भी निखर गया।
पंचायत निवासी अश्वनी कुमार ने बताया कि गांव के युवाओं ने यह संकल्प लिया है कि वे हर माह एकत्रित होकर मोक्षधाम की नियमित सफाई करेंगे, ताकि इसकी स्वच्छता और गरिमा बनी रहे। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगी।पंचायत प्रधान सोनिका देवी ने युवाओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत द्वारा मनरेगा के तहत नियमित रख-रखाव किया जाता है, लेकिन निरंतर कार्य के लिए जनसहयोग बेहद जरूरी है। युवाओं का यह कदम अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।इस अवसर पर स्वर्ण सिंह (पूर्व उपप्रधान), जीत सिंह, रविंदर सिंह, देसराज, अशोक कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और युवाओं के इस सामाजिक प्रयास की प्रशंसा की।
