Mandi, Dharamveer-पंडोह से औट तक चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे की खराब हालत के कारण लगातार लग रहे लंबे जाम से राहत दिलाने के लिए जिला पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया है।
इसके तहत अब वाहनों को पंडोह डैम और जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह के पास रोका जाएगा। इन वाहनों को तभी आगे भेजा जाएगा जब पहले से फंसे वाहन जाम से निकल जाएंगे। पुलिस का कहना है कि खुले स्थानों पर वाहनों को रोकने से पंडोह बाजार में अव्यवस्था नहीं होगी और ट्रैफिक को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा।एएसपी मंडी सचिन हीरेमठ ने बताया कि हाईवे की दयनीय स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे केवल बहुत आवश्यक होने पर ही इस मार्ग से यात्रा करें।गौरतलब है कि पंडोह से औट तक आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर हाईवे बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, जिससे वाहनों को गुजरने में घंटों लग रहे हैं। नई व्यवस्था से अब पुलिस जाम की स्थिति को चरणबद्ध तरीके से नियंत्रित करेगी।
