कुल्लू | हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नए साल और जन्मदिन का जश्न एक दर्दनाक सड़क हादसे में तब्दील हो गया। कसोल से लौट रहे दोस्तों की कार कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूतनाथ पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में तीन युवतियों और एक युवक की मौत हो गई।
हादसा देर रात करीब एक बजे हुआ। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से एक युवक रास्ते में पहले ही उतर गया था। शेष चार लोग वाहन में मौजूद थे, जिनकी इस दुर्घटना में जान चली गई।
पैरापिट से टकराकर ट्रक के नीचे घुसी कार
पुलिस के अनुसार, कुल्लू निवासी सतपाल अपने दोस्तों के साथ 31 दिसंबर को जन्मदिन और नववर्ष मनाने कसोल गया था। लौटते समय भूतनाथ पुल के समीप उनकी हुंडई कार (HP 34E-5965) अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे पैरापिट से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नीचे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
चारों घायलों की नहीं बच सकी जान
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती को गंभीर हालत में कुल्लू अस्पताल से एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला।
टैटू आर्टिस्ट था मृतक सतपाल
मृतक सतपाल पेशे से टैटू आर्टिस्ट था और कुल्लू के अखाड़ा बाजार में उसकी दुकान थी। वह युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय था। उसकी अचानक मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार की आशंका
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना मानी जा रही है। कुल्लू अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले
हादसे में 25 वर्षीय सतपाल (निवासी चामुंडा नगर, ढालपुर), 20 वर्षीय अंकिता (निवासी तांदी, लाहुल-स्पीति), 20 वर्षीय कशिश (निवासी जल्लुग्रां, जरी) और 20 वर्षीय रतांजलि (निवासी सचानी, भुंतर) की मौत हुई है।
