अनिल कुमार, किन्नौर: किन्नौर जिला के उरणी में पहाड़ियों से हो रहे भूस्खलन के चलते सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया था और यहां वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई थी, लेकिन अब एक बार फिर से एनएच 05 उरणी मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है।
इस मार्ग पर सुबह 11 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक वाहनों की आवाजाही की जाएगी। जिला दंडाधिकारी किन्नौर सुरिंदर सिंह राठौर ने बताया कि बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर उरणी मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू होकर आगामी आदेशों तक जारी रहेंगे।
बता दें कि गत दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग 05 पर उरणी मार्ग के समीप भूस्खलन होने के कारण इस मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद किया गया था।
