Nurpur,Sanjeev-:पुलिस जिला नूरपुर में अवैध खनन के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी कड़ी में नूरपुर पुलिस ने खनन माफिया के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। यह कार्रवाई 10 जनवरी 2026 की रात और 11 जनवरी 2026 को दिन के समय विभिन्न क्षेत्रों में की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी सदवां, पुलिस चौकी कंडवाल (थाना नूरपुर), पुलिस चौकी कोटला और पुलिस थाना ज्वाली के अधिकार क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियों पर नजर रखते हुए यह कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस टीमों ने मौके पर दबिश देकर खनन कार्य में लिप्त 6 ट्रैक्टरों को पकड़ा और उन्हें माइनिंग एक्ट के तहत जब्त किया।
जब्त किए गए सभी ट्रैक्टरों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के अंतर्गत चालान तैयार कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई के लिए माननीय अदालत में भेज दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचता है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पुलिस जिला नूरपुर के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। नूरपुर पुलिस का यह अभियान अवैध खनन माफिया के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।
