बिलासपुर : सुभाष ठाकुर -सिविल अस्पताल घुमारवीं में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है। सिविल अस्पताल घुमारवीं में अब सर्जन की सेवाएं भी मिलेंगी। बाकायदा यहां पर आईजीएमसी से सेवानिवृत प्रोफेसर (सर्जन) डा. आरके शर्मा ने ज्वाईन कर लिया है। वहीं, लोगों को अपनी सेवाएं देना शुरू कर दी हैं। यहां पर उपचार के लिए आने वाले लोगों के लिए माईनर ओटी की सुविधा ही मिल पाएगी। वहीं, दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्थायी तौर पर यह तैनाती की गई है। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह प्रयास किए गए हैं। जिसका लाभ घुमारवीं अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले लोगों को मिलेगा।
इस बारे में सीएमओ बिलासपुर डा. प्रवीण कुमार ने बताया कि घुमारवीं अस्पताल में अस्थायी तौर पर सर्जन चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सप्ताह में दो दिन तक लोगों को इस सर्जन चिकित्सक की सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि संबधित अस्पताल प्रशासन को ओटी, स्टाफ नर्स के अलावा अन्य स्वास्थ्य संबधित उपकरण की सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सर्जन चिकित्सक का लाभ घुमारवीं क्षेत्र की जनता को मिलेगा।
