संजीव महाजन,नूरपूर: नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का की ओर से पंजाब के चक्की क्षेत्र में स्थित निजी मेडिकल कॉलेज का प्रचार करने पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। इस मामले पर नूरपुर क्षेत्र के पूर्व सैनिक और समाज सेवी शेमु मिन्हास ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता के दौरान स्थानीय विधायक रणवीर सिंह निक्का पर सवाल उठाते हुए कहा कि विधायक को पंजाब के चक्की क्षेत्र में स्थित पंजाब भाजपा के ही एक बड़े नेता के निजी मेडिकल कॉलेज का प्रचार करना बेहद दुःखद विषय हैं।
मिन्हास ने कहा कि नूरपुर की जनता ने उन्हें इस बार के चुनाव में भारी बहुमत देकर नूरपुर से इसलिए विधायक चुना था कि वह नूरपुर स्थित सिविल अस्पताल और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे ढांचे को सुदृढ़ बनाने के पुख्ता कदम उठाएंगे। क्षेत्र के लोगों को सरकारी स्तर पर अच्छी स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाएंगे,लेकिन इस ओर कोई ध्यान न देकर उन्होंने एक निजी मेडिकल कॉलेज का प्रवक्ता बनना उन्हें शोभा नहीं देता हैं। उन्होंने कहा कि नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का की ओर से पंजाब के एक निजी मेडिकल कॉलेज की प्रशंसा करने के बजाए क्षेत्र के सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले ढांचे को सुधारने की बात करनी चाहिए।
मिन्हास ने कहा कि नूरपुर का सिविल अस्पताल नूरपुर के साथ-साथ चंबा क्षेत्र के लोगों का भी केंद्र बिंदु हैं। वहां अभी भी अनेक मूल भूत सुविधाओं की कमी हैं। पर्याप्त साधन न होने के कारण मरीजों को रैफर किया जाता हैं। विधायक को इन कमियों को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए न कि लोगों निजी अस्पतालों में लुटने के लिए प्रेरित करना चाहिए। मिन्हास ने कहा कि भाजपा की पिछली सरकार के समय में नूरपुर स्थित आधे-अधूरे मातृ शिशु अस्पताल का लोकार्पण कर दिया गया था लेकिन वर्तमान समय में भी उसमें अभी सेवाएं ही शुरू नहीं हो सकी हैं। विधायक को उक्त अस्पताल को शीघ्र शुरू करने के प्रयास करने चाहिए थे ताकि गर्ववती महिलाओं को वहां सुविधा मिलती लेकिन इन बातों की ओर ध्यान न देकर निजी अस्पतालों के लिए जनता को प्रेरित करना समझ से परे हैं।
मिन्हास ने कहा कि विधायक रणवीर सिंह अपनी जिम्मेवारी को समझें। उन्हें जनता ने भारी बहुमत देकर अपना नुमाइंदा चुना हैं। उनका कर्तव्य बनता है कि वह क्षेत्र की जनता को सरकार से मिलने वाली सुविधाओं का प्रावधान करवाएं और निजी संस्थानों का प्रवक्ता बनने से परहेज़ करें।
