संजीव महाजन,नूरपुर: विधानसभा नूरपुर के तहत गांव रिन्ना के रहने वाले नायक भूपेंद्र सिंह को सेना मेडल से सम्मानित किया गया हैं। उन्हें सेना मेडल मिलने से इलाके में खुशी की लहर हैं और उनके परिवारजन भी बेहद खुश हैं। भूपेंद्र सिंह ने अपनी शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भडवार से हासिल की हैं। उनके पिता नसीब सिंह पूर्व सैनिक हैं, जबकि माता मीना देवी गृहणी हैं।
भूपेंद्र सिंह के परिवार में उनकी पत्नी नेहा व 9 माह की बेटी दृष्टि है। नायक भूपेंद्र सिंह इस समय 2 – पैरा स्पैशल फोर्स बंगलोर में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2021 में श्रीनगर के पुलवामा में एक गुप्त ऑपरेशन के दौरान उनकी टीम ने दो कुख्यात आतंकवादियों को मार गिराया था ओर एक आतंकी को जिंदा दबोच लिया था। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व उन्हें सेना की ओर से बंगलोर में आयोजित एक समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार सिंह की ओर से उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया हैं।
पंचायत प्रधान राजवंत कौर ने सेना मेडल सम्मान हासिल करने पर नायक भूपेंद्र सिंह को बधाई दी हैं। उन्होंने कहा कि नायक भूपेंद्र सिंह की बहादुरी से पंचायत का नाम रोशन हुआ हैं।
