बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – जिला मुख्यालय पर स्थित शहर के चंगर सैक्टर आंगनबाड़ी केंद्र में अधिकारियों, कर्मचारियों के नौनिहाल पहुंच रहे हैं। प्राथमिक पाठशाला चंगर में इस आंगनबाड़ी केंद्र को संचालित किया जा रहा है। यहां पर इन नौनिहालों को खेल-खेल में ही विभिन्न गतिविधियां आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता बबली द्वारा सीखाई जा रही हैं।
इस आंगनबाड़ी केंद्र में अहम बात यह हैं कि यहां पर इससे पहले भी कई अधिकारियों, कर्मचारियों के नौनिहाल आते थे। वहीं, वर्तमान में एडीसी बिलासपुर डा. निधि पटेल की दो बेटियों के अलावा जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ब्रिजेंद्र पठानियां की बेटी भी यहां पर पहुंच रही हैं। साथ ही क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में तैनात डा. दिशा का बेटा भी इस आंगनबाड़ी केंद्र में आ रहा है। इन अधिकारियों, कर्मचारियों ने इस आंगनबाड़ी केंद्र में अपने बच्चों को भेजकर एक मिसाल कायम की है। वहीं, बेहतर समाज के निर्माण का संदेश दिया है। यह अधिकारी, कर्मचारी अपने बच्चों को किसी महंगे क्रेच में भेज सकते हैं। लेकिन इन्होंने अपने बच्चों को यहां भेजकर समाज को साकारात्मक संदेश दिया है। बहरहाल, चंगर सैक्टर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के लिए कारगर साबित हो रहा है।
