शिमला, संजू-: संजौली कॉलेज में ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का रविवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में 35 टीमों के 68 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कॉलेज की प्रिंसिपल भारती भांगड़ा और एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुशांत कपरेट भी इस मौके पर मौजूद रहे।
समापन अवसर पर कुलदीप सिंह राठौर ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण विकसित होते हैं।राठौर ने कहा कि ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस तरह के कार्यक्रम पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच जुड़ाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों को अपने शिक्षण संस्थान से जुड़े रहकर खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आगे आना चाहिए।कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि वह स्वयं संजौली कॉलेज के छात्र रहे हैं और कॉलेज की एससीए के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि संजौली कॉलेज से उनका पुराना और गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भी इसी कॉलेज के छात्र रहे हैं।

