कुल्लू/ मनमिन्द्र अरोड़ा: सामान्य वर्ग संयुक्त मंच के प्रदेश युवा प्रभारी जितेंद्र राजपूत ने कहा है कि 10 अक्टूबर को भगवान रघुनाथ जी के सम्मान में प्रदेश सामान्य संयुक्त मंच की ओर से कुल्लू में शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को कुल्लू में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एकता, प्रेम और आपसी भाईचारे से बेहतर समाज का निर्माण होता है। लोगों में एकता, प्रेम और भाईचारे का माहौल कायम करने के उद्देश्य से ही इस बार पहली बार सामान्य संयुक्त मंच की ओर से अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में मौके पर शोभायात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा सोमवार को 11 बजे के करीब कुल्लू के बस अड्डा समीप भूतनाथ पुल से शुरू होकर ढालपुर स्थित भगवान रघुनाथ जी के अस्थाई शिविर पहुंचेगी।
शोभायात्रा में 500 के करीब लोग होंगे शामिल
शोभायात्रा में कुल्लू जिला के साथ साथ मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों से सामान्य वर्ग के लोग भाग लेंगे। इसके अलावा राजस्थान से भी सामान्य वर्ग के कुछ पदाधिकारी भाग लेंगे। शोभायात्रा में 500 के करीब लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। सभी लोग केसरिया पगड़ी पहनकर इस शोभायात्रा में भाग लेंगे जोकि विशेष रूप से राजस्थान से मंगवाई हैं। जितेंद्र राजपूत ने बताया कि यह शोभायात्रा पूरी तरह से गैर राजनीतिक होगी। शोभायात्रा के दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से श्री रामचंद्र का गुणगान किया जाएगा। वहीं, उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग संयुक्त मंच की कोशिश रहेगी कि हर साल अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान इस तरह की शोभायात्रा निकाल कर सामान्य वर्ग की एकता को प्रदर्शित किया जाए। साथ ही समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश भी दिया जाए।
