राहुल चावला , कांगड़ा : अपने दो दिवसीय दौरे के लिए आज केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से अनुराग ठाकुर का जोरदार स्वागत किया गया और पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में अनुराग ठाकुर ने विपक्ष की ओर से की जा रही मोर्चे बंदी व एकजुटता को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष कई बार एकजुट होने का प्रयास कर चुका है, बावजूद इसके विपक्ष अपने मंसूबों पर कामयाब नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि 20 से अधिक राजनीतिक दल है जिनकी ना कोई विचारधारा है ना सोच एक है और ना ही कोई एजेंडा है।
अनुराग ने कहा कि कई राजनीतिक दल कई बार इकट्ठे होकर आए और उनकी ओर से बड़ी-बड़ी बातें भी कही गई लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लोगों का अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने जो पिछले 8 वर्षों में देश में किया है वह पिछले 6 दशकों में भी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह जो अटूट रिश्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोगों के बीच है एक बहुत बड़ा फैक्टर है कि जितने मर्जी विपक्षी दल इकट्ठे हो जाएं भाजपा का मुकाबला नहीं कर पाएंगे।
वहीं राज्यस्थान में कांग्रेस में चल रही उठापटक को लेकर मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में जो मनोरंजन हुआ था वह अब राजस्थान में भी शुरू हो गया है । उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों में कांग्रेस ने राज्यस्थान की दुर्दशा कर दी है। राज्यस्थान में प्रतिदिन कोई नई घटना घटती है और राज्यस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि राज्यस्थान में जहां पहले से ही कानून व्यवस्था के बुरे हाल हैं वहीं कांग्रेस की इस लड़ाई से साफ पता चलता है कि कांग्रेस को कुर्सी प्यारी है लोगों की भलाई नहीं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस केवल सत्ता का सुख भोगना चाहती है ।लोगों की सेवा नहीं करना चाहती और यह कुर्सी की लड़ाई आज से नहीं बरसों से कांग्रेस के बीच जारी है, लेकिन दुर्भाग्य है कि राज्यस्थान की जनता को पछताना पड़ रहा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और नितिश कुमार की मुलाकात को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। विपक्ष चाहे जितने प्रयास कर ले, उन्हें अपने प्रयास जारी रखने चाहिए।
चुनावों की घोषणा होने और आचार संहिता लगने के बाद होगी भाजपा उम्मीदवारों की सूची जारी
प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा टिकट वितरण को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि चुनाव घोषणा होने के उपरांत और आचार संहिता लगने के बाद पार्टी की बैठकर शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश चुनाव कमेटी की बैठक होगी और उसके उपरांत राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव समिति की बैठक के बाद टिकटों की घोषणा की जाएगी। अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा 2012 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी।
कांग्रेस में एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि जहां एक और अशोक गहलोत को राष्ट्रीय अध्यक्ष का नामांकन भरने के लिए कहा गया है वहीं उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी भी बहुत प्यारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ना दिशा है और ना ही नेता है और ना ही नेता की बात तक को कोई सुनने वाला है। यह आज कांग्रेस की हालत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एक अनार सौ बीमार की स्थिति है।
