संजु चौधरी, शिमला: बीजेपी की केंद्र सरकार का नौ वर्ष का कार्यकाल 30 मई को पूरा होने जा रहा हैं। सरकार के 9 साल पूरा होने का दर्शन देश सहित प्रदेश के अंदर बीजेपी की ओर से धूमधाम से मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य भाजपा प्रदेश के अंदर कई कार्यक्रम करने जा रही हैं। कार्यक्रमों की रूपरेखा शनिवार को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में तय होगी। बैठक में प्रदेश बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहेगा।
बीजेपी प्रदेश महामंत्री एवं बिलासपुर सदर से विधायक त्रिलोक जमवाल ने बताया कि 30 मई को केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने जा रहे हैं। नौ वर्षों में देश में पूर्व से चले आ रहे विषयों का समाधान हुआ है जिनमें धारा 370, राम मंदिर, ट्रिपल तलाक जैसे मुद्दों का हल हुआ हैं। हिमाचल को एम्स, बल्क ड्रग फार्मा मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे संस्थान मिले हैं।। उन्होंने कहा कि यह अभियान तीन चरणों में चलेगा। पहले चरण में मोदी 29 और 30 मई को भारत में दो विशाल जनसभाओं को संबोधित कर इस कार्यक्रम का आगाज करेंगे, जिसको भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और जनता वर्चुअल माध्यम से पूरे देश भर में देखेंगे।
दूसरे चरण में 1 जून से 22 जून तक भाजपा पूरे देश भर में एक लाख वरिष्ठ परिवारों से संपर्क करेगी जिसमें हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में 250 और विधानसभा में 65 परिवारों से हमारा नेतृत्व संपर्क करेगा। चारों विधानसभा क्षेत्रों में संपर्क से समर्थन अभियान के तहत चार रैलियां की जाएगी। उसके बाद प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन होगा जिसमें भाजपा नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष की बड़ी उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच में जाएगी। पार्टी सोशल मीडिया पर प्रभावशाली व्यक्ति मीट का आयोजन करेगी, जिससे आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा को बड़ा लाभ होगा और अंतिम में हम इस चरण में प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में व्यापारी सम्मेलन का भी आयोजन करेंगे।
तीसरे चरण में हम विकास तीर्थ कार्यक्रम प्रत्येक लोकसभा में करेंगे। बड़े-बड़े विकास कार्यों के स्थान पर जनता को ले जाया जाएगा। भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ भोजन व परिचय बैठकें आयोजित करेगी जो विधानसभा स्तर पर होंगी। संयुक्त मोर्चा सम्मेलन भी विधानसभा स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। योग दिवस हमारे लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग दिवस को अंतर्राष्ट्रीय दिवस बनाया हैं। इसको बड़े स्तर पर भारतीय जनता पार्टी मनाएगी। 20 जून से 30 जून तक भाजपा घर-घर संपर्क अभियान चलाएगी। त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत से केंद्र में सरकार बनाने जा रही है और हिमाचल में भी हम सभी चारों सीटों पर परचम लहरायेंगे।
