अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर जिला के स्वास्थ्य खंड नादौन के तहत आने वाले जोलसप्पड़ और रंगस क्षेत्र में आंत्रशोथ के 1200 के करीब मामले सामने आने के बाद सरकार भी इस मामले में गंभीर हो गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खुद इस मामले में संज्ञान लिया है और अपने राजनीतिक सलाहकार को आंत्रशोथ ग्रसित क्षेत्रों के दौरे पर भेजा हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने विभागीय अधिकारियों के साथ आंत्रशोथ ग्रसित क्षेत्रों में राहत कार्यों का जायजा लिया ।
इस अवसर पर उनके साथ नादौन की एसडीएम अपराजिता चंदेल, सीएमओ हमीरपुर डॉक्टर आरके अग्निहोत्री, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगोता, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने जल शक्ति विभाग के अलावा स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाईयों और ओआरएस की आपूर्ति के साथ-साथ पानी की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के निर्देश दिए और कहा कि विभागीय टीम हर दिन पानी का सैंपल इकट्ठा करना सुनिश्चित करें। दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र की जल शक्ति विभाग की पेयजल स्कीम का भी दौरा किया और पीड़ित लोगों के घर में जाकर उनसे मुलाकात भी की ।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर आज उन्होंने क्षेत्र का दौरा किया हैं। प्रशासन की ओर से दी जा रही राहत का भी उन्होंने जायजा लिया हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से दवाइयां, ओआरएस की आपूर्ति के अलावा पानी की व्यवस्था को सुचारू रूप से करवाने के निर्देश दिए गए हैंद ताकि लोगों को कोई परेशानी ना हो। उन्होंने कहा कि विभाग से इस मुद्दे पर विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो।
