राकेश, ऊना: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन ऊना जिला में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने अपनी पूरी ताकत चुनावी प्रचार में झोंक दी है । कांग्रेस ने जहां रोड शो कर यहां अपनी ताकत दिखाई है तो वहीं भाजपा ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावों की रणनीति तैयार की है। वहीं चुनाव से पहले दो दिन पहले आए एग्जिट पोल से भाजपा प्रदेश में अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हो गई है तो वहीं कांग्रेस इस एग्जिट पोल को नकार रही है।
गुरुवार को ऊना में भारतीय जनता पार्टी ने कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक के माध्यम से वोटिंग के लिए रणनीति बनाई । इस दौरान भारतीय जनता पार्टी ओपिनियन पोल में बढ़त दिखाए जाने से उत्साहित दिखी और इसे केंद्र और राज्य सरकार की विकास नीतियों पर मोहर बताया। वहीं पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा किया है ।
उधर कांग्रेस ने भी ऊना में रोड शो के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन किया और मतदाताओं में अपनी पैंठ बनाने का पूरा प्रयास किया। ओपिनियन पोल पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसके कभी सही बैठने और कभी गलत होने की बात भी कांग्रेस ने कही। कांग्रेस प्रत्याशी चैतन्य शर्मा ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में चुनाव परिणाम ओपिनियन पोल के विपरीत आएंगे और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी ।
