अरविंदर सिंह, हमीरपुर : हमीरपुर के सलासी पुल के पास स्पाइन थेरैपी सेंटर खुला है। इस सेंटर की खास बात यह है कि यहां मरीजों को मुफ़्त थेरेपी की सुविधा दी जाएगी। रविवार को हिमाचल प्रदेश गौसेवा आयोग के सदस्य आशीष शर्मा ने इस सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर आशीष शर्मा ने कहा कि सेंटर संचालकों ने इस स्पाइन थैरेपी में निशुल्क थैरेपी की व्यवस्था की है। इस सेंटर में निशुल्क थैरेपी कर संचालक समाजसेवा का कार्य करेंगे।
इस सेंटर में हड्डी रोगों या अन्य बीमारियों से पीडि़त लोग आकर लाभ ले सकते है। उन्होंने सेंटर के संचालकों सुनीता सकलानी और पुष्पा ठाकुर को इस सेंटर के खुलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दुखियों, पीडि़तों व जरूरतमंदों की किसी भी प्रकार से सहायता करना हम सब का लक्ष्य होना चाहिए। परमात्मा इस सहायता का फल हमेशा देता है। इस मौके पर उपस्थित कई लोगों ने थैरेपी करवाई और विभिन्न प्रकार के दर्द से राहत पाई। संचालकों ने कहा कि थैरेपी करवाने का समय सुबह आठ बजे से पांच बजे तक रहेगा। रविवार को सेंटर में अवकाश रहेगा।
