ऊना, राकेश -:पंचायती राज संस्थानों के सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।इसी कड़ी में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने वीरवार को डीआरडीए हॉल ऊना में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और उपमंडलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।बैठक में पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान प्रत्याशियों से जुड़े कार्य, मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन, पोलिंग पार्टियों के प्रशिक्षण, बैलेट पेपर वितरण, मतगणना कर्मचारियों की नियुक्ति और प्रशिक्षण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।इसके अलावा पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर मतगणना केंद्रों की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।उपायुक्त ने पोलिंग पार्टियों की सुरक्षित रवानगी,मतपेटियों को स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाने, एचआरटीसी बसों की उपलब्धता, कर्मचारियों के ठहरने और भोजन व्यवस्था के साथ-साथ मतगणना केंद्रों पर बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
