बिलासपुर/सुभाष ठाकुर- घुमारवी उपमण्डल के तहत पडयालग पंचायत के पन्याली, डोहरु आदि गांव में तेंदुए की दहशत से लोग भयभीत हैं। शाम ढलते ही गांव के नजदीक तेंदुए की चहलकदमी बढ़ रही है।
तेंदुआ अब रात को लोगों के घरों के आंगन में पहुंच कर मवेशियों व पालतू कुतों पर हमला करने की कोशिश कर रहा है। पन्याली गांव में तेंदुआ सुबह करीब चार बजे रिहायशी मकान के आंगन में पहुंच गया। तेंदुआ पिंजरे में बंधे कुत्ते को शिकार बनाने की कोशिश कर रहा था। तेंदुए के रिहायशी मकान के आंगन में पहुंचने की पूरी फुटेज सीसीटीवी में कैद हो गई।पन्याली गांव के सुरेश पन्याली ने बताया कि तेंदुए की चहलकदमी रिहायशी मकानों के नजदीक बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब चार बजे तेंदुआ आंगन में पहुंच गया। इस दौरान पिंजरे में बन्द पालतू कुत्ता जोर जोर से भौंकने लगा। जब उन्होंने उठकर देखा तो आंगन में तेंदुआ मौजूद था।
