अरविंदर सिंह, हमीरपुर: ऊना ज़िला के गगरेट क्षेत्र में चिट्टा तस्करी के मामले में हमीरपुर जिला परिषद के उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्ज़ी ने अपने बेटे रविंद्र कुमार के पकड़े जाने पर गगरेट व हमीरपुर के विधायक पर राजनीतिक दबाव बनाने के आरोप लगाते हुए इस घटना को राजनीतिक साजिश करार दिया हैं। जिला परिषद हमीरपुर के कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि यह उनको बदनाम करने की साजिश की जा रही हैं, जबकि उनके बेटे का चिट्टे की तस्करी में कोई हाथ नहीं हैं। दर्जी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को घर से गिरफ्तार किया गया है और इस दौरान उनके साथ पुलिस की ओर से बदतमीजी की गई हैं।
जिला परिषद हमीरपुर के उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि जिस गाड़ी को पुलिस ने इस मामले में पकड़ा हैं वह उनकी हैं,लेकिन गाड़ियों को उनके ड्राइवर चलाते हैं। जिस गाड़ी को पुलिस ने पकड़ा है उसे ड्राइवर होशियारपुर ले गया था। उन्होंने शक जाहिर करते हुए कहा कि पुलिस ने राजनीतिक साजिश के तहत उनको बदनाम करने की कोशिश की हैं। उन्होंने यह भी दावा किया है कि पुलिस की तरफ से चिट्टा गाड़ी में खुद रखा गया हैं। दर्जी ने कहा कि उन्हें राजनीतिक रूप से दबाने का यह प्रयास किया जा रहा है क्योंकि अब 2024 में लोकसभा चुनाव हैं।
