देवेंद्र वर्मा,नाहन: प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने जहां लोग घरों के अंदर दुबक कर बैठ रहे हैं तो वहीं इस भीषण ठंड में फुटपाथ या खुले में सोने वाले लोगों की क्या हालत हो रही होगी। इसी को समझते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिला के उपायुक्तों को इस तरह के लोगों को आसरा देने के आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों के बाद पांवटा साहिब प्रशासन हरकत में आया हैं।
पांवटा साहिब नगर परिषद ने मुख्यमंत्री के आदेशों की पालना करते हुए देर रात को शहर भर में मजबूर लोगों को आसरा देने के लिए विशेष अभियान चलाया। नगर परिषद के पदाधिकारी सहित कार्यकारी अधिकारी व नगर परिषद के प्रतिनिधि शहर के कोने-कोने तक पहुंचे और करीब एक दर्जन जरूरतमंद लोगों को रेस्क्यू करके उन्हें रैन बसेरा पहुंचाया। कार्यकारी अधिकारी ठाकुर अजमेर सिंह की अगुआई में देर रात को यह अभियान चलाया गया।
नगर परिषद की टीम को लोगों को समझाने के लिए भी मशक्क्त करनी पड़ी, लेकिन देर रात तक कई लोगों को रेस्क्यू किया गया। नगर पालिका परिषद के कार्यकारी अधिकारी ठाकुर अजमेर सिंह ने बताया की सरकार के आदेशों की पालना करते हुए जरूरतमंद लोगों को इस कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए रेन बसेरा तक पहुंचाया जा रहा हैं। यदि जरूरतमंद लोगों की संख्या में इज़ाफ़ा होता है तो उसके लिए नगर पालिका परिषद ने पुख्ता इंतज़ाम इसके लिए किए हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
