योगेश शर्मा, सोलन: नगर निगम योजना के तहत अब लोगों को नक़्शे बनवाने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। निगम में तकनीकी कारणों के चलते पिछले करीब चार महीनों से ठप्प पड़ी ऑनलाइन नक्शे पास करवाने की सुविधा आखिरकार शुरू हो गई। इससे सोलन शहर में आशियाना बनाने का सपना देख रहे लोगों को राहत मिली है। ऑनलाइन नक्शा पास करवाने की सेवाएं ठप्प होने से पिछले कई महीनों से नगर निगम में ऑफलाइन जमा करवाए गए दर्जनों भवनों के नक्शे लंबित पड़े हैं।
अब अगर आप नक्शा पास करवाना चाहते हैं तो बस इसके लिए आपको करना होगा तो ऑनलाइन आवेदन। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद नगर निगम की ओर से नक्शा पास करने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन कि प्रक्रिया को आप देश के किसी कोने में भी बैठकर पूरा कर सकते हैं।
नक्शे पास करवाने के लिए आपको मेल फार्वर्ड करने पडेंगे। खास बात यह है कि ऑनलाइन मेल ट्रांसफर होते ही संबंधित अधिकारी तक नक्शा पहुंच जाएगा। इतना ही नहीं अधिकारी नक्शे का स्टेट्स मेल के माध्यम से आवेदनकर्त्ता को भेजेगा। इस योजना को सफल बनाने के लिए विभाग के कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया हैं।
नगर निगम सोलन के डिप्टी मेयर राजीव कौड़ा ने बताया कि ऑनलाइन नक्शा पास करवाने की सुविधा फिर से शुरू हो गई है। बेहतर सेवाएं देने के लिए निगम ने सरकार से फुल टाइम प्लानिंग ऑफिसर नियुक्त करने की मांग की है। ऑफलाइन नक्शों को जल्द निपटाने के भी निर्देश दिए गए हैं। हाई स्पीड नैट की व्यवस्था भी की जा रही हैं। विभागीय फीस चुकाने के लिए सरकार ने बैंकों के साथ भी एम.ओ.यू. किया हैं।
लोगों को नक्शा पास करने के लिए बार-बार नगर निगम के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ रहा हैं। इसमें सबसे बड़ी बाधा तकनीकी स्टाफ की कमी होना भी है। जानकारी के मुताबिक नगर निगम में ऑफलाइन जमा करवाए गए करीब 50 से अधिक नक्शे लंबित पड़े हैं।
