कुल्लू:मनमिंदर अरोड़ा (TSN)-जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में देवता गौरी के आगमन से अब तीन दिवसीय पीपल मेला शुरू हो गया है और तीन दिन तक कला केंद्र में सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।ढालपुर में अपने मंदिर से देवता गौहरी रविवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने मंदिर से निकलें और ढोल नगाड़ों की थाप के साथ वह अपने अस्थाई शिविर पहुंचे। इस दौरान नगर परिषद कुल्लू के पार्षद और अन्य देवलू भी उपस्थित रहे।
वही,देवता के गुर के द्वारा देव खेल के माध्यम से भी उपस्थित लोगो को आशीर्वाद दिया गया। इसके बाद देवता अब 3 दिनों तक अपने अस्थायी शिविर में विराजमान हो गए हैं। इसके अलावा पीपल जातर मेले के चलते तीन दिन तक लालचंद प्रार्थी कला केंद्र में खूब रौनक रहेगी और कुल्लू के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। रविवार शाम को पहली सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोक कलाकार ठाकुर दास राठी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे और कला केंद्र में भी स्प्रिंग क्वीन का पहला राउंड भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा रविवार को भी ढालपुर मैदान में व्यापारी अपने हाट-बाट सजाने में व्यस्त रहे। क्योंकि शनिवार को दोपहर बाद हुई बारिश ने व्यापारियों को काफी परेशान किया था।
नगर परिषद कुल्लू के कार्यकारी अधिकारी अनुभव शर्मा ने कहा कि प्लॉट आवंटन कर दिए गए हैं और रविवार से मेले का शुभारंभ कर दिया गया है। ऐसे में आगामी तीन दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने बताया कि पीपल मेला हर साल की तरह इस साल भी बनाया जा रहा है। ऐसे में बाहरी राज्यों से आए व्यापारियों के लिए सभी व्यवस्था की गई है। ताकि उन्हें किसी दिक्कत का सामना ना करना पड़े।
