संजु चौधरी,शिमला: शिमला नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस और भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दल भी चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। कांग्रेस और भाजपा की ओर से लगातार निगम चुनावों में जीत का दावा किया जा रहा हैं। चुनाव 2 मई को होने हैं। इससे पहले कांग्रेस-बीजेपी के प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर प्रचार करना शुरू कर दिया हैं। जाखू वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी अतुल गौतम ने दावा किया है कि जनता पहले ही कांग्रेस पार्टी को जीत दिलाने का मन बना चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है. प्रदेश की सरकार लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं। ऐसे में जनता यह समझती है कि कांग्रेस के साथ चल कर ही शहर का विकास आगे बढ़ाया जा सकता हैं, इसलिए नगर निगम शिमला चुनाव में कांग्रेस की जीत तय हैं।
जाखू वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी अतुल गौतम ने कहा कि पिछले पार्षदों ने भी विकास के कामों को आगे बढ़ाने का काम किया हैं वह भी चुनाव जीतकर इलाके की समस्याओं को सुलझाने का काम करेंगे। उनके इलाके में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल जाखू मंदिर भी आता हैं। यहां लोगों की सुविधाओं के लिए काम किया जाएगा। इसके अलावा पार्किंग, बच्चों के लिए खेलने के पार्क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि वे इलाके के विकास के लिए विजन लेकर चल रहे हैं। चुनाव में जीत के बाद वह विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
