भावना शर्मा, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनावों का समय नजदीक है। ऐसे में कांग्रेस हर एक मंच से पार्टी में गुटबाजी होने की बातों को नकार कर सभी के एकजुट होने की बात कर रही है, लेकिन कांग्रेस के इन दावों की कांग्रेस के नेता रामलाल ठाकुर ने ही पोल खोल दी है और पार्टी में गुटबाज़ी होने की बात कही है। सोमवार को शिमला पहुंच कर रामलाल ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी के अंदर गुटबाज़ी को हावी करार दिया।वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर अपने इस्तीफे पर अडिग रहेे ओर कहा कि कांग्रेस पार्टी के उदयपुर चिंतन शिविर में जो संकल्प पारित किए गए थे उसकी कांग्रेस पार्टी कहीं भी पालना नहीं कर रही है। चिंतन शिविर में एक व्यक्ति एक पद की बात हुई थी लेकिन पार्टी के अंदर उसे लागू नहीं किया जा रहा है।
रामलाल ठाकुर ने कहा कि वह एक मिनट के लिए भी पार्टी के उपाध्यक्ष पद पर नहीं रहना चाहते है। उन्होंने पार्टी हाई कमान को इस्तीफा भेजा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी बहुत ज्यादा हावी है। अपने-अपने चहेतों को रेवड़ियों की तरह पद बांटे जा रहे है। व्यक्ति का क्या बैकग्राउंड है, पद देने से पहले इस पर छानबीन की जानी चाहिए तभी नियुक्ति होनी चाहिए। लोग कांग्रेस पार्टी को जिताना चाहते है, लेकिन कांग्रेस पार्टी खुद ही खुद को हराने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को एक जुट हो कर चुनाव लड़ना पड़ेगा तभी जीत दर्ज की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि पार्टी हाई कमान को भी सोच समझ कर पदों पर नियुक्ति देनी चाहिए। पहले दो चार उपाध्यक्ष होते थे लेकिन अब 40 लोगों को उपाध्यक्ष महासचिव बनाया जा रहा है। रामलाल ठाकुर ने कहा किकोई कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही है और वीरभद्र सिंह के समय से पार्टी में काम कर रहे है। अगर पार्टी उनकी जगह किसी और व्यक्ति को भी टिकट देना चाहे तो वे उसके लिए काम करेंगे।
