मंडी/परी शर्मा: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 17 करोड़ रुपए की 11 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए और कोटली में ‘प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष’ कार्यक्रम के तहत विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटली में 1.74 करोड़ रुपये से निर्मित प्रशासनिक खंड, मंडी-रिवालसर सड़क पर 8.04 करोड़ रुपये की लागत से बने रत्ती खड्ड पुल, बरनोटा-कड़कोह मार्ग पर 70 लाख रुपये के जबलाई नाला पुल और डामरू में रत्ती खड्ड पर 47 लाख रुपये से निर्मित पुल कर लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने मंडी में लोक निर्माण विभाग के तृतीय इलेक्ट्रिल वृत्त कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रंधाड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोट, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझवाड़ और पंडोह में नवस्तरोन्नत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ भी किया। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने साई से रघबानू के लिए रत्ती खड्ड पर 56 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पैदल पुल और रत्ती पुल के पास लगभग 67 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पशु चिकित्सालय तल्याहड़ के भवन की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 75 वर्षों के बाद हिमाचल प्रदेश आज जिस मुकाम पर खड़ा है, उसमें हर प्रदेशवासी का सहयोग एवं योगदान रहा है।
इस दौरान प्रदेश की अभूतपूर्व उपलब्धियों का श्रेय हर किसान, कर्मचारी, नेता, युवा और हर हिमाचली को जाता है, जिन्होंने प्रदेश के विकास के लिए जोश और प्रतिबद्धता के साथ काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गठन के समय हिमाचल में केवल चार जिले थे और इसकी आबादी केवल 11 लाख थी, जबकि आज राज्य में 12 जिले और 70 लाख से अधिक आबादी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में राज्य में केवल 228 किलोमीटर सड़कें थीं, जबकि आज सड़कों की लंबाई बढ़कर लगभग 40,000 किलोमीटर हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सड़कों के इस जाल का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी जाता है, जिन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी नेता वीरभद्र सिंह मॉडल की बात करते हैं परन्तु सच्चाई यह है कि आज पूरा विश्व मोदी मॉडल को मान रहा है जिससे भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। उन्होंने कहा कि कांगेसी नेता रिवाज बदलेंगे (सरकार बदलने का रिवाज) के नारे का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रतिशोध की राजनीतिक की परम्परा को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश टोपी के रंग के आधार पर भी बंटा हुआ था। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि वीरभद्र सिंह जैसे कद्दावर नेता जो मुकाम हासिल नहीं कर पाए वह आम आदमी कैसे प्राप्त कर सकता है।
विधायक अनिल शर्मा के भाषण के दौरान लगे जयराम के नारे
मंडी जिला के कोटली में आयोजित ‘प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष’’ समारोह में विधायक अनिल शर्मा के भाषण के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नारे लगे। ये देख अनिल शर्मा के प्रशंसकों ने भी अपने चहेते विधायक के हक में नारे लगाना शुरू कर दिया। ये देख अनिल शर्मा कार्यकर्ता से बोले की हम यंहा जोर आजमाईस के लिए नही आए है ये हिमाचल और सदर के लिए मार्गदर्शन करने का मंच है।
अनिल शर्मा भाजपा के नेता है, मिलजुलकर करेंगे काम: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिल शर्मा भाजपा के नेता है और मंडी जिला और विधानसभा क्षेत्र के लिए मिलजुलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
मै भाजपा का विधायक, क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा कार्यरत रहूंगा
मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है और इसका श्रेय राज्य की सरकारों और यहां के मेहनतकश लोगों को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में पूर्व केन्द्रीय मंत्री पंडित सुखराम की उल्लेखनीय भूमिका है। पंडित सुखराम देश के दूरसंचार क्रांति के जनक है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के विधायक हैं और जिला और क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा कार्यरत रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र की विकास संबंधी मांगों से भी अवगत करवाया।
