नूरपुर,संजीव-:नूरपुर क्षेत्र की सुलयाली पंचायत स्थित पवित्र धाम बाबा बड़भाग सिंह दरबार में इस वर्ष फाल्गुन मेला श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक उमंग के साथ संपन्न हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की स्वर लहरियों और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुओं ने दरबार में पहुंचकर शीश नवाया और सुख-समृद्धि की कामना की। भजन-कीर्तन का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पारंपरिक झंडा रस्म भी पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ निभाई गई।मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। रंगों और खुशियों के इस आयोजन में आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश भी दिया गया।कैप्टन ओंकार सिंह (सेवानिवृत्त) ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी मेले में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने कहा कि दरबार में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण भक्ति, प्रेम तथा सौहार्द से ओत-प्रोत रहा।
