चिंतपूर्णी, विकास शर्मा-:होली के शुभ अवसर पर प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। रंगों के त्योहार को भक्तों ने माता रानी के दरबार में मत्था टेककर और पूजा-अर्चना कर उत्साहपूर्वक मनाया। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो देर शाम तक जारी रहीं।
व्यवस्था संभालने में जुटा प्रशासन
त्योहार और अवकाश के चलते मंदिर में मेले जैसा माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने विशेष प्रबंध किए। डबल लाइन व्यवस्था के तहत दर्शन करवाए गए, और कतारें पुराने बस स्टैंड क्षेत्र तक पहुंच गईं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार:
लगभग 14,000 से 16,000 श्रद्धालुओं ने दिनभर में दर्शन किए।
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
पड़ोसी राज्यों से भी पहुंचे भक्त
होली पर्व के साथ-साथ डेरा बाबा बड़भाग सिंह में आयोजित होला मोहल्ला मेले के समापन के बाद भी श्रद्धालुओं की आमद बढ़ी। पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों से आए भक्तों ने माता के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।मंदिर प्रशासन के अनुसार, आने वाले सप्ताहांत में भी श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है।
