विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को एक जेब कतरे को रंगे हाथ पकड़ा गया। यह जेब कतरा इतना शातिर था कि पकड़े जाने के बाद इस जेबकतरे ने अपने मुंह में कोई चीज़ डाल ली और सफ़ेद झाग निकाल कर ज़मीन पर लेट गया। मंदिर में कैमरा ऑपरेटर गौरव शर्मा और पीसी इंचार्ज पूर्ण सिंह के तालमेल से इस जेबकतरे को रंगे हाथ पकड़ा गया।
जेब कतरे ने शनिवार को चिंतपूर्णी मंदिर परिसर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के मोबाइल और पर्स पर हाथ साफ कर दिए थे। इनमें से एक श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना जिला और दूसरा श्रद्धालु अमृतसर जिले से था। शनिवार को 2 श्रद्धालुओं के मोबाइल और पर्स निकालने जाने के बाद सीसीटीवी कैमरा ऑपरेटर गौरव शर्मा मुस्तैद थे। उन्होंने जैसे ही सीसीटीवी फुटेज में देखा कि यह जेबकतरा रविवार को फिर लाइन में दर्शन करने के लिए खड़ा हो गया हैं तो इस बात की सूचना पीसी इंचार्ज पूर्ण सिंह को दी।
इसके बाद पीसी इंचार्ज पूर्ण सिंह ने होमगार्ड के जवानों को इस जेब कतरे को पकड़ने के निर्देश जारी किए। जैसे ही होमगार्ड के जवानों ने इस जेब कतरे को पकड़ा तो इसने जेब में से कोई चीज निकाल कर मुंह में डाल ली और उल्टियां करने लगा। बताते चलें यह जेबकतरा पहले भी दो बार पकड़ा जा चुका हैं। पकड़े जाने के बाद यह जेबकतरा मुंह में कोई चीज डालता है जिसके बाद मुंह से सफेद झाग निकलने शुरू हो जाता है। जब भीड़ घट जाती हैं तो यह वहां से फरार हो जाता हैं।
रविवार को भी पकड़े जाने के बाद उसने वैसे ही किया। पीसी इंचार्ज पूर्ण सिंह ने बताया कि यह जेबकतरा दो बार पहले भी पकड़ा जा चुका है और पकड़े जाने के बाद यह कोई चीज मुंह में डाल लेता है और सफेद झाग निकालने शुरू कर देता हैं और फिर मौका पाकर भाग जाता हैं। यह जेबकतरा खुद को लुधियाना समराला का बताता हैं।
