बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): मिनर्वा स्कूल घुमारवीं की दो खिलाड़ी छात्राएं अंडर-14 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। वॉलीवाल प्रतियोगिता में स्कूल की सोनम व गौरी का चयन राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इससे खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या घुमारवीं में संपन्न हुई जिला स्तर की प्रतियोगिता के प्रदर्शन पर इन खिलाड़ियों का चयन किया गया।
प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद स्कूल पहुंचने पर खिलाड़ी छात्राओ का स्वागत किया गया। अंडर-14 जिला स्तर की प्रतियोगिता में स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। 400 मीटर रीले दौड़ में स्कूल की खिलाड़ी छात्राएं तीसरे स्थान पर रही। इसमें सुरभि, अपू्रवा, सिमरन व सानवी ने भाग लिया। इसके अलावा वॉलीवाल में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया। टीम में सोनम, रिधिमा, गौरी, सौम्य, हेम किरण, हर्षिता, शैज्जल, निहारिका, अदिती व नव्या ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया।
टीम से दो खिलाड़ी छात्राएं राज्य स्तर में अपना जलवा बिखेरेंगी। प्रधानाचार्य परवेश चंदेल ने कहा कि अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन रहा। उन्होंने जिला स्तर में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्कूल में पढ़ाई के साथ बच्चों को अन्य गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद प्रतियोगिता भी बेहद जरूरी है।
