बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में आज बिलासपुर के ऐतिहासिक कहलूर खेल परिसर में स्थित क्रिकेट मैदान में लाहौल स्पीति व ऊना मध्य तीन दिवसीय मैच शुरू हुआ। मैच से पहले रणजी खिलाड़ी सिद्धार्थ शर्मा सिधू की आकस्मिक मृत्यु पर खिलाड़ियों ने श्रद्धांजलि दी ।
क्रिकेट संघ बिलासपुर के द्वारा हाल ही में बड़ौदरा में चल रहे रणजी मैच के दौरान ऊना जिला का रणजी खिलाड़ी सिद्धार्थ शर्मा सिधू की आकस्मिक मृत्यु पर मैच शुरू होने से पूर्व श्रद्धांजलि अर्पित की गई। क्रिकेट संघ बिलासपुर के सचिव विशाल जगोता ने कहा कि सिद्धार्थ शर्मा जैसे नेक खिलाड़ी के जाने से हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ को ही नही बल्कि मानवता को भी बहुत बड़ा नुकसान है।
खास बात यह रही कि ऊना की टीम के खिलाड़ी सिधू के नाम की जर्सी पहन कर मैच खेल रहे है। ऊना टीम के कप्तान ने बताया कि हमारी तरफ से सिद्धार्थ शर्मा सिधू के लिए ये श्रद्धांजलि है। बता दें कि गत दिनों बड़ौदरा में चल रहे रणजी मैच के दौरान सिद्धार्थ की तबियत खराब होने पर स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया था। जहां डॉक्टरों द्वारा जांच के दौरान उनके लंग्स डैमेज पाए गए। काफी इलाज के दौरान सेहत में सुधार नही हो पाया और वह इस संसार को छोड़ कर चले गए। सिद्धार्थ शर्मा सिधू की मौत से क्रिकेट जगत में दुख है। इस दौरान बिलासपुर क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता, राजन शर्मा, आशीष कपिल , सरित शर्मा, संजय रघु लाहौल स्पीति व ऊना टीम कोच, स्टाफ व टीम सदस्य मौजूद रहे।
