बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – सरकार के गठन को छह महीेने से ज्यादा का समय हो गया है लेकिन सरकार भाजपा की नीतियों पर मोहर लगाकर प्रदेश के हजारों मजदूरों के हितों के साथ खिलवाड़ किया है। मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए यदि किसी भी स्तर तक संघर्ष करना पडे़ तो यूनियन हर मुकाम तक जाएगी। वहीं श्रम एवं रोजगार विभाग द्वारा जारी अधिसूचना को शीघ्र रद्द न किया गया तो आंदोलन और तेज होगा । यह बात इंटक से सम्बन्धित हिमाचल बिल्डिंग-कन्सट्रक्सन एण्ड मनरेगा मजदूर युनियन के प्रदेशाध्यक्ष जगत राम शर्मा ने झंडूता में आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान कही। इससे पूर्व पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह झंडूता से लेकर एसडीएम कार्यालय तक विशाल रैली निकाली गई। जिसमें प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदेशाध्यक्ष जगत राम शर्मा ने कहा कि यह भी हैरानी की बात है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है लेकिन अभी तक भाजपा द्वारा तय नियमों पर काम हो रहा है । जिससे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश श्रम एवं रोजगार विभाग शिमला कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना को रद्द करने को लेकर एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन प्रेषित किया।
