बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): हिमाचल के बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंच गए हैं। कुछ ही देर बाद वे एम्स का उद्घाटन करेंगे और हिमाचल को सौगात देंगे। मोदी का यह दौरा अहम माना जा रहा है। वह यहां 1470 करोड़ की लागत से बने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) का लोकार्पण करेंगे। वहीं विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।
बता दें कि रैली को लेकर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लाखों लोगों के आने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सीएम जयराम ठाकुर भी मौजूद हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने एम्स के बारे में जानकारी ली और नक्शे पर हर ब्लॉक के बारे में पूछा। वहीं एम्स के अधिकारियों ने पीएम नरेंद्र मोदी को यहां सुविधाओं के बारे में अवगत करवाया। दूसरी ओर बिलासपुर के लुहणू मैदान में प्रधानमंत्री मोदी की रैली भी है।

रैली को लेकर लोगों में उत्साह है और वे सुबह से ही लुहणु मैदान में पहुंचना शुरू हो गए हैं। लोगों में काफी उत्साह भी देखा जा रहा है। वे बेसब्री से पीएम मोदी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं रैली में कड़ी सुरक्षा है। जगह-जगह पर चेकिंग करके लोगों को रैली स्थल पर जाने दिया जा रहा है।

भाजयुमो के लिए भी ये रैली काफी खास है। कुछ ही दिन पहले मंडी में युवा विजय संकल्प रैली में पीएम मोदी खराब मौसम के चलते नहीं पहुंच पाए थे। इस कारण कही न कहीं युवाओं की निराश होना पड़ा था, लेकिन अब बिलासपुर में पीएम मोदी पहुंच गए है और ऐसे में भाजयुमो के कार्यकर्ताओं में भी खुशी की लहर है।
