बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: बिलासपुर एम्स को तो कांग्रेस के पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर मंडी व स्व. जीएस बाली कांगड़ा तो पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल हमीरपुर ले गए थे। बिलासपुर एम्स मात्र सिर्फ स्व वीरभद्र सिंह द्वारा बिलासपुर में दिया गया है। आज भाजपा व कई अन्य नेता बिलासपुर में एम्स की बात कर रहे है तो वह सिर्फ राजा वीरभद्र सिंह के समय बिलासपुर को मिला है। यह बात बिलासपुर नगर के सर्किट हाउस आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री व विधायक रामलाल ठाकुर ने कही। रामलाल ठाकुर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री बिलासपुर में आकर यहां पर सिर्फ देवी देवताओं को प्रणाम कर कर वापस निकल गए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा है कि अगर हिमाचल के देवी देवताओं को प्रणाम करना ही था तो दिल्ली से ही कर देते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की बिलासपुर रैली में हजारों करोड़ों रुपए का सरकार के खाते से गबन किया गया है। एम्स का नाम लेकर भाजपा की रैली देश के प्रधानमंत्री बिलासपुर में कर गए। उन्होंने कहा कि हिमाचल में अन्य जगहों पर भी प्रधानमंत्री की रैली होने जा रही है। वही यह सारी रैली सरकारी खर्चे पर भाजपा कर रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से भी मांग की है कि इस सारे मामले पर कड़ा संज्ञान लिया जाए क्योंकि भाजपा सरकारी खर्चे पर अपनी रैलियां कर रही है और जब भाजपा की सभी रैलियां हिमाचल में समाप्त हो जाएंगी तो यह चुनाव आचार संहिता को लागू करेंगे। ऐसे में उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि जल्द से जल्द चुनाव आचार संहिता लागू की जाए ताकि सरकारी खर्चे पर भोज कम हो।
उन्होंने जिला प्रशासन पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिलासपुर एम्स का शुभारंभ करने आ रहे थे उस दिन ही सुबह उन्हें निमंत्रण दिया गया था। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में एम्स का शुभारंभ होने जा रहा है तो उससे पहले क्यों नहीं उनको बुलाया गया। ऐसे में उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों पर भी सवालिया निशान खड़े किए हैं। वहीं उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की इस रैली से हिमाचल पथ परिवहन निगम पूरी तरीके से कर्ज में डूब गई है। प्रधानमंत्री रैली की वजह से हिमाचल प्रदेश की समस्त जनता को काफी नुकसान हुआ है क्योंकि हजारों एचआरटीसी बस से बिलासपुर भेज दी गई थी जिससे प्रदेश की जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस प्रेस वार्ता में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रवक्ता संदीप संख्यान व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
