Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुरुवार को बस स्टैंड हमीरपुर में दो युवकों से 105.23 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। लंबे समय बाद इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ पकड़े जाने से पुलिस की सतर्कता और कार्रवाई की तेजी एक बार फिर सामने आई है।
सूचना मिलने पर थाना सदर हमीरपुर की टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाया। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोका गया, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजत (29) निवासी हमीरपुर शहर और आयुष (22) निवासी हटवाड़, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया गया और नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक दिनदहाड़े खेप लेकर हमीरपुर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़े स्तर की तस्करी का प्रयास नाकाम हो गया। अधिकारियों ने बताया कि बरामद चिट्टा तस्करी नेटवर्क से उनके संबंधों की जांच की जा रही है और पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है।
एसपी भगत सिंह नेगी ने जानकारी दी कि पुलिस पिछले कई दिनों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। विश्वसनीय सूचना के आधार पर ही टीम ने यह कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप दोनों युवकों को नशीले पदार्थ सहित गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार समाज को खोखला कर रहा है और पुलिस ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी।गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश सरकार के नशा मुक्त हिमाचल अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा पकड़ना पुलिस की सतर्कता, मुस्तैदी और सख्त निगरानी का प्रमाण है।
