धर्मशाला | हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) की ओर से पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत 15 जून को लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। कांगड़ा जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 18 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 4930 अभ्यर्थी भाग लेंगे। इनमें से 4 केंद्र केवल महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 1285 महिला उम्मीदवार परीक्षा देंगी।
कहां-कहां बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र?
- धर्मशाला उपमंडल: 9 केंद्र
- पालमपुर उपमंडल: 5 केंद्र
- कांगड़ा उपमंडल: 4 केंद्र (सिर्फ महिला अभ्यर्थियों के लिए)
परीक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी:
- परीक्षा 15 जून को सुबह 11 बजे शुरू होगी।
- परीक्षार्थियों को केवल पेन, पेंसिल, एडमिट कार्ड और कार्डबोर्ड साथ लाने की अनुमति होगी।
- परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
कांगड़ा की एसएसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि परीक्षा के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर 10 पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। इस तरह कुल 180 पुलिस कर्मियों को परीक्षा केंद्रों में तैनात किया जाएगा। ये जवान परीक्षा में अनुशासन बनाए रखने और सुरक्षा जांच की जिम्मेदारी संभालेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले 20 फरवरी से 11 मार्च के बीच पुलिस भर्ती के तहत ग्राउंड टेस्ट का आयोजन किया जा चुका है। अब लिखित परीक्षा के बाद चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
