Dharamshala, Rahul chawla-:शरद ऋतु की शुरुआत के साथ ही कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में चोरी की घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है। बीते 10 दिनों में थाना धर्मशाला क्षेत्र में तीन चोरी की वारदातें दर्ज की गईं, जिन पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी धर्मशाला के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने जिन दो युवकों को हिरासत में लिया है, उनमें 22 वर्षीय रॉबिन सिंह, निवासी झियोल, और भीमसेन, निवासी दाड़ी शामिल हैं। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है ताकि उनसे पूछताछ के दौरान चोरी की वारदातों से जुड़े और सुराग हासिल किए जा सकें।
एएसपी वीर बहादुर ने बताया कि धर्मशाला पुलिस ने प्रत्येक घटना के बाद मौके से सबूत जुटाए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। उन्होंने कहा कि धर्मशाला अब पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से लैस है, जिससे किसी भी आपराधिक गतिविधि की निगरानी करना आसान हो गया है। शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में लगाए गए कैमरों की मदद से पुलिस को जांच में ठोस सबूत मिले, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।उन्होंने कहा कि धर्मशाला में अपराधियों के लिए अब बच निकलना लगभग नामुमकिन है, क्योंकि शहर के सभी महत्वपूर्ण मार्गों और गलियों को हाईटेक निगरानी प्रणाली से जोड़ा गया है। हर आवाजाही पर पुलिस की पैनी नज़र रहती है, जिससे अपराध घटित होने के तुरंत बाद ही संदिग्धों की पहचान की जा सकती है।
एएसपी ने नागरिकों से भी अपील की कि वे सतर्क रहें, अपने घरों व दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाएँ और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि धर्मशाला पुलिस अपराध पर सख्त कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
