Hamirpur, Arvind-:सुजानपुर थाना में दर्ज हुई एफआईआर के बाद हमीरपुर जिले की सियासत एक बार फिर तेज हो गई है।कांग्रेस नेता विवेक कटोच ने प्रेस वार्ता कर विधायक आशीष शर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की प्रारंभिक जांच ने कथित खनन अनियमितताओं का बड़ा खुलासा किया है और इससे विधायक की तथाकथित “ईमानदारी” पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
कटोच ने उपलब्ध दस्तावेजों का हवाला देते हुए बताया कि आशीष शर्मा के स्वामित्व वाले “मैसर्स महादेवी स्टोन क्रशर” को सुजानपुर के री गांव में 31,507 मीट्रिक टन खनिज निकालने की अनुमति थी, लेकिन जांच में पाया गया कि वास्तविक खनन 59,685 मीट्रिक टन तक पहुंच गया। यह मात्रा निर्धारित सीमा से 28,180 मीट्रिक टन अधिक है, जिसे कटोच ने सीधे–सीधे “खनन चोरी” करार दिया।उन्होंने कहा कि अतिरिक्त निकाले गए खनिज की ढुलाई ‘W फॉर्म’ के माध्यम से दिखाई गई, जबकि यह फॉर्म केवल लीज क्षेत्र से क्रशर तक सामग्री भेजने के लिए मान्य होता है, न कि बिक्री के लिए। कटोच के अनुसार, यह अतिरिक्त खनन लगभग 5700 ट्रकों के बराबर है, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।कांग्रेस नेता ने बताया कि एफआईआर बिजली खपत, रॉयल्टी रसीदों, माइनिंग प्लान, तथा “W” और “X” फॉर्म की विस्तृत जांच के बाद दर्ज की गई है। उन्होंने दावा किया कि बिजली खपत के आधार पर भी यह स्पष्ट हुआ कि वास्तविक उत्पादन कागजी रिकॉर्ड से काफी अधिक था।
प्रेस वार्ता में कटोच ने सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा और धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता मीडिया में बयानबाज़ी कर मामले को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। सुधीर शर्मा पर उन्होंने जांच अधिकारियों को सोशल मीडिया पर दबाव में लेने का भी आरोप लगाया।कटोच ने कहा कि अवैध खनन ने क्षेत्र को गंभीर पर्यावरणीय नुकसान पहुंचाया है और अब समय आ गया है कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषियों को सजा मिलेगी।
