Summer express, अरविन्द , हमीरपुर |हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु ने रविवार को हमीरपुर दौरे के दौरान मेडिकल कॉलेज और विकास कार्यों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने सांसद अनुराग ठाकुर और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेता विकास कार्यों का “झूठा श्रेय” लेना बंद करें और जनता के सामने तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करें।
मुख्यमंत्री सुक्खु ने जसकोट में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जोड़सप्पड़ में बन रहे मेडिकल कॉलेज का दौरा कर वहां स्थापित की जा रही आधुनिक मशीनरी और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में बनने वाली क्रिटिकल केयर यूनिट का शिलान्यास भी किया।
इस अवसर पर आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायक सुरेश कुमार, विधायक रणजीत राणा, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती सहित कई नेता और अधिकारी मौजूद रहे।
“एम्स से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी” : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुक्खु ने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने दावा किया कि यहां मरीजों को एम्स स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन 5 से 10 जुलाई के बीच किया जाएगा और इसके बाद इसे औपचारिक रूप से जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
अनुराग ठाकुर से पूछा — “20 साल में जिले के लिए क्या किया?”
मुख्यमंत्री ने सांसद अनुराग ठाकुर पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वे पिछले करीब 20 वर्षों से सांसद हैं और उन्हें जनता को बताना चाहिए कि उन्होंने हमीरपुर जिले के लिए कौन-कौन से ठोस विकास कार्य किए हैं।
सुक्खु ने आरोप लगाया कि अनुराग ठाकुर विकास परियोजनाओं का श्रेय लेने की राजनीति करते हैं, जबकि वास्तविकता कुछ और है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर मेडिकल College पर अब तक लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि केंद्र सरकार का योगदान केवल 197 करोड़ रुपये रहा है, जो पूर्व यूपीए सरकार के दौरान स्वीकृत हुआ था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेष राशि उनकी सरकार बनने के बाद जारी की गई और वर्तमान सरकार ने मेडिकल कॉलेज परियोजना को गति दी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के पांचों मेडिकल कॉलेजों को एम्स की तर्ज पर हाईटेक बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
जेपी नड्डा पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री सुक्खु ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने जायका परियोजना के माध्यम से अस्पतालों में निवेश की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के बीच तथ्यों से हटकर बयान देना उचित नहीं है और भाजपा नेताओं को वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
जयराम ठाकुर और केंद्र सरकार पर भी हमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जमीनी हकीकत से दूर है। उन्होंने दावा किया कि जिला परिषद चुनावों में भी कांग्रेस को जनता का व्यापक समर्थन मिला था।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर मनरेगा कार्यों और आरजीडी ग्रांट में कटौती का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे प्रदेश की जनता को नुकसान पहुंचा है।
ओपीएस पर सरकार का बड़ा संकेत
पुरानी पेंशन योजना (OPS) को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खु ने कहा कि उनकी सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर गंभीर है। उन्होंने संकेत दिए कि जैसे-जैसे प्रदेश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, सरकार अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी ओपीएस का लाभ देने पर विचार कर सकती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार ओपीएस का विरोध करती रही है, जबकि विपक्ष के नेता भी इस मुद्दे पर कभी स्पष्ट रुख नहीं अपना पाए।
