Summer express, मंजूर पठान, डलहौजी | पर्यटन नगरी डलहौजी में नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को आज एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान युवा अध्यक्षा वंदना चड्ढा ने पहली बार नगर परिषद डलहौजी की अध्यक्षा के रूप में कार्यभार संभाला, जबकि उपाध्यक्ष ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।नगर परिषद की नई अध्यक्षा वंदना चड्ढा ने कहा कि पर्यटन नगरी डलहौजी को और अधिक सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए नई नगर परिषद कई अहम कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि डलहौजी पहले से ही एक बेहतरीन पर्यटन स्थल है, लेकिन इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

वंदना चड्ढा ने कहा कि नगर परिषद का मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और डलहौजी को पूरे प्रदेश की सबसे बेहतर नगर परिषद बनाना है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए वंदना चड्ढा ने कहा कि आने वाले समय में नगर परिषद शहर की स्वच्छता, पर्यटन सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लेगी। उन्होंने कहा कि डलहौजी को प्रदेश में नंबर वन नगर परिषद बनाने के लिए पूरी टीम मिलकर काम करेगी।
