नाहन : देवेंद्र कुमार – डाक विभाग द्वारा महिलाओं के सम्मान में महिला सम्मान सर्टिफिकेट योजना शुरू की गई है। जिसमें डाक विभाग द्वारा चलाई जा रही अन्य योजनाओं के मुकाबले अधिक ब्याज दी जा रही है। यह जानकारी डाकपाल के सुभाष भारद्वाज ने दी।
डाकपाल ने बताया कि केंद्र सरकार ने वार्षिक बजट में महिलाओं के सम्मान में योजना शुरू करने का जिक्र किया था जिसके चलते डाक विभाग द्वारा 31 मार्च 2023 से 31 मार्च 2025 तक एक योजना शुरू की गई है जिसमें केवल महिलाओं को उनके द्वारा जमा की गई राशि पर 7.5 फ़ीसदी ब्याज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत न्यूनतम 1000 से खाता खोला जा सकता है जबकि खाता खोलने की अधिकतम सीमा ₹200000 निर्धारित की गई है। इस योजना के तहत एक महिला एक समय में केवल एक ही खाता खोल सकेगी और 3 माह के अंतराल के बाद अन्य खाता खोलने की सुविधा भी प्रदान की गई है। योजना के तहत केवल 2 वर्षों के लिए राशि जमा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना में एक विशेष लाभ यह है कि 1 वर्ष बाद महिला जमा की गई राशि का 40 फ़ीसदी निकाल सकती है। इसके साथ साथ खाता खोलने की तिथि से 6 महीने बाद खाता बंद भी किया जा सकता है । ऐसी स्थिति में निर्धारित ब्याज दर से 2 फ़ीसदी कम(5.5) ब्याज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को सशक्त करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा जारी की गई इस योजना का महिलाओं को लाभ उठाना चाहिए।
