संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं वैसे-वैसे ठंड के बीच में प्रदेश का सियासी पारा बढ़ता ही जा रहा है। एक और जहां प्रत्याशी धुरंधर प्रचार चुनावी मैदान में कर रहे हैं, तो वहीं राजनीतिक दल एक दूसरे पर सियासी हमले करने से भी नहीं चूक रहे हैं। चुनाव की तिथि जैसे-जैसे पास आ रही है वैसे-वैसे यह चुनावी हमले तेज होते जा रहे हैं। राजनीतिक दलों के बीच सियासी जंग छिड़ी हुई है और इसी जंग के बीच अब राजधानी शिमला में राजनीतिक दलों के बीच पोस्टर वॉर भी शुरू हो गई है।
इस पोस्टर वार का ताजा उदाहरण राजधानी शिमला में ही देखने को मिला है जहां शिमला के कांठ रोड पर हिमाचल कांग्रेस के पोस्टर के साथ भाजपा ने ऐसा पोस्टर लगाया है जिसकी चर्चा शहर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में हो रही है।
हिमाचल भाजपा ने कांग्रेस के ‘आ रही है कांग्रेस’ वाले पोस्टर के साथ ‘जय राम जी के शपथ ग्रहण में’ शब्दों वाला पोस्टर लगा दिया हैं। इसके बाद यह पोस्टर दूर से पढ़ने पर ‘जयराम जी के शपथ ग्रहण में आ रही है कांग्रेस’ की तरह नजर आ रहा है। यहां से गुजरने वाले लोग भी इस पोस्टर को देख अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी दोनों ही राजनीतिक दलों के बीच इस पोस्टर को लेकर कमेंट वॉर जोरों पर है। देखना दिलचस्प होगा कि पोस्टर वॉर के जरिए दोनों सियासी दल जनता के बीच कितना प्रभाव डाल सकेंगे।
